परिवहन विभाग : महंगे होंगे निजी वाहन, सरकार ने बढ़ाया एक प्रतिशत रोड टैक्स

10 लाख की गाड़ी पर अब देना होगा 10 हजार अतिरिक्त
लखनऊ। प्रदेश में चार पहिया और दो पहिया निजी वाहन अब खरीदना महंगा होगा। प्रदेश सरकार ने वाहनों की खरीद पर एक प्रतिशत रोड टैक्स बढ़ा दिया है। अब एक लाख के वाहनों पर एक हजार रुपया अतिरिक्त और 10 लाख रुपये तक के मूल्य के वाहनों पर 10 हजार रुपया अतिरिक्त देना होगा।
परिवहन विभाग के इस प्रस्ताव को मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। परिवहन निगम की ओर से राजस्व में वृद्धि एवं परिवहन विभाग के कर ढ़ांचे में परिवर्तन करने के लिए नई अधिसूचना जारी करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे कैबिनेट ने मंजूर कर दिया है। नई अधिसूचना जारी होते ही अब प्रदेश में गाड़ी खरीदना महंगा हो जाएगा। अभी तक 10 लाख से कम कीमत की नॉन एसी गाड़ी पर सात प्रतिशत टैक्स लगता था, जो बढक़र अब आठ प्रतिशत हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : – सुप्रीम कोर्ट ने भी मान लिया कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं : अखिलेश
इसी तरह 10 लाख से कम कीमत वाली वातानुकूलित गाड़ी पर अब तक आठ प्रतिशत टैक्स लगता था, जो अब नौ प्रतिशत और 10 लाख से अधिक कीमत वाली चार पहिया वाहनों पर अब 10 के बजाय 11 प्रतिशत टैक्स देना होगा। इसी तरह 40 हजार से कम कीमत वाले दो पहिया वाहन पर पहले की तरह सात प्रतिशत की टैक्स लिया जाएगा, जबकि 40 हजार से अधिक मूल्य के दो पहिया वाहनों पर एक प्रतिशत अधिक टैक्स देना होगा।
माना जा रहा है कि निजी वाहनों पर रोड टैक्स एक प्रतिशत बढ़ाने से परिवहन विभाग को करीब 412 से 415 करोड़ तक अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। प्रदेश में इन दिनों करीब 4.82 करोड़ गाडिय़ा हैं। हर साल औसतन 30 से 32 लाख गाडिय़ों का इजाफा होता है। वहीं माल वाहक के रूप में प्रयोग होने वाले 7.50 टन से अधिक भार वाले वाहनों को अब तिमाही के बजाय एक मुश्त टैक्स देना होगा। वे वाहन खरीदते समय ही रोड टैक्स जमा कर सकेंगे। इसकी दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।