खुर्रमनगर फ्लाईओवर के दूसरे लेन पर भी यातायात पूरी तरह शुरू

ढाई किलोमीटर खुर्रमनगर फ्लाईओवर के दोनों लेन पर वाहनों का आगमन शुरू
लखनऊ । आखिरकार खुर्रमनगर फलाईओवर के दोनों लेन पर वाहनों का आवगमन शुरू हो गया। सोमवार को पीडब्ल्यूडी और भाजपा के स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में सीमेंट के बोल्डर हटाकर फ्लाईओवर के दूसरे लेन की शुरूआत कराई। इसी के साथ ढाई किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। अब दोनों ओर से यह लेन सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक 12 घंटे के लिए खोला गया है। एक हफ्ते तक बीम की बैरिंग के ट्रायल के बाद 24 घंटे के लिए सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन हो सकेगा। खुर्रमनगर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो गया है लेकिन कनेक्शन में देरी होने से बिजली का काम पूरा नहीं हो सका। इस वजह से अभी दिन में ही दोनों लेन से वाहन गुजर सकेंगे। रात में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। एक हफ्ते में फ्लाईओवर की लाइटें रोशन हो जाएंगी। इसके बाद रात में भी वाहन दौड़ने लगेंगे। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता राजकुमार ने बताया कि बिजली कनेक्शन मिल गया है। एक हफ्ते में दोनों लेन की लाइटें जलने लगेंगी।
ये भी पढ़ें :- पंचकर्म – आयुर्वेद किडनी को कर सकता है पुनर्जीवित : डॉ. देवेश कुमार श्रीवास्तव
प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष वैश्य ने बताया कि फ्लाईओवर के दोनों साइनेज का काम पूरा हो गया है। जल्द ही लाइट का भी काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि खुर्रमनगर फ्लाईओवर पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। ढाई किलोमीटर से ज्यादा लंबे पुल के बीच में घुमावदार मोड़ हैं, जहां वाहनों की रफ्तार 40 किमी प्रति की गई है। सड़क परिवहन एवं राज्यमार्ग मंत्रालय की ओर से खुर्रमनगर से सीतापुर 86 और दिल्ली की दूरी 563 किलोमीटर दर्ज की गई है। लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर पहले ही बनकर तैयार हो जाना चाहिए था। अगला फ्लाईओवर इंजीनियरिंग कॉलेज पर प्रस्तावित है।