नगर निगम जोन-5 : वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ । नगर निगम जोन 5 के कार्यालय में सफाईकर्मियों ने कूड़ा फेंक दिया। वह झाड़ू लेकर कार्यालय के गेट के सामने करीब चार घंटों तक बैठे रहे। सफाई कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी कर वेतन का भुगतान करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि कूड़ा उठाने का काम लायन सफायर कंपनी के पास है। कंपनी ने कर्मचारियों के साथ जो एग्रीमेंट किया था उससे भी कम सैलरी दी जा रही है। त्योहार के सीजन में घर चलाना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों की सैलरी भी रोक दी गई है।
नगर निगम कर्मचारियों का कहना है कि उनके खाते में 8,500 रुपए सैलरी आती है। लेकिन इस बार कर्मचारियों के खाते में 7 हजार, 6 हजार और पांच हजार रुपए दिए गए हैं। आरोप है कम वेतन मिलने की शिकायत कई बार अधिकारियों से की है। सफाई कर्मचारियों के लिए चार महीने से समस्या बनी हुई है। बावजूद इसके कोई सुनने को तैयार नहीं है। आलमबाग के चंदर नगर स्थित जोन-5 के कार्यालय पर घंटो प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर गेट बंद कर दिया। इसके बाद भी नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। हालांकि जोनल अधिकारी नंदकिशोर का कहना है कि यह प्रदर्शन मुख्य रूप से सैलरी में कटौती के खिलाफ है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि वह अधिकारियों से बातचीत कर जल्द ही इस मामले का समाधान निकालेंगे। बताते चले कि यह प्रदर्शन लायन एनवायरनमेंट कंपनी के तहत काम कर रहे सफाई कर्मियों की ओर से किया जा रहा है जो ठेकेदार से सही वेतन न मिलने से नाराज हैं। इस प्रदर्शन के कारण स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है, और इससे संबंधित अधिकारियों को जल्द ही ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। वहीं नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शशि कुमार मिश्रा ने सफाई कर्मचारियों के हित में संघ की ओर से आवाज बुलंद करते हुए कहा कि त्योहार का मौका है। गरीबों के घरों में भी त्योहार की चमक धमक होनी चाहिए। सफाई कर्मचारियों के रुके हुए वेतन का भुगतान शीघ्र किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी ठेकदारों पर शिकंजा कसें और कर्मचारियों को उनका वेतन दिलायें।