वृक्षारोपण महाअभियान : लगेंगे 12.60 करोड़ पौधे, तैयारियां शुरू

मंत्री ने वन अधिकारियों के साथ की बैठक, वृक्षारोपण महाअभियान पर किया मंथन
लखनऊ। इस साल आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जन्तु उद्यान राज्यमंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने प्रदेश भर के वन अधिकारियों के साथ विधान भवन स्थित तिलक हाल में बैठक की और वृक्षारोपण महाभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त उन्होंने अन्य विभागीय योजनाओं एवं बजट की भी गहन समीक्षा की।
वन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 से वर्ष 2024 तक 4,07,186 हेक्टेअर भूमि पर वृक्षारोपण किया जा चुका है। इस वर्ष वन विभाग के लिए 80 हजार हेक्टेयर भूमि पर 12.60 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य है। अन्य विभागों के लिए भी अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं। व्यापक स्तर पर होने वाले वृक्षारोपण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए पौधशालाओं में उपयुक्त ऊंचाई के स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण पौध की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। अवैध कटान व अवैध शिकार में लिप्त असामाजिक, अवांछित, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए तथा अवैध कटान व अवैध शिकार के प्रकरणों की संख्या शून्य की जाये।
उन्होंने समस्त जिलों में इको पर्यटन के उपयुक्त विकास एवं पर्यवेक्षण के निर्देश दिये। बैठक में जनपदवार उपलब्ध कुल वन भूमि, प्रभागों में स्थापित कुल पौधशालाओं एवं उपलब्ध कुल पौध की संख्या, वृक्षारोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन एवं अनुश्रवण ईकाईयों द्वारा किए गए सर्वेक्षण की प्रगति तथा पेड़ बचाओ अभियान योजना के अन्तर्गत की गयी कार्रवाई पर गहन चर्चा की गई।