नगर निगम कार्यालय पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन

लखनऊ में गंदगी बढ़ने के दिखने लगे आसार, सफाई कर्मचारियों ने ठप किया काम
लखनऊ। राजधानी में सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय पर हंगामा किया। सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने झाड़ू लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। उनका कहना है कि सफाई का काम निजी कंपनी को सौंपा गया है, जबकि वे उम्मीद कर रहे थे कि उन्हें नगर निगम में स्थायी किया जाएगा, क्योंकि वे वर्षों से काम कर रहे थे। अब जब काम निजी हाथों में दिया गया, तो उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया। कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने का काम भी बंद कर दिया है।
सख्त तेवर में बोले सैकड़ों सफाई कर्मी अब नहीं उठायेंगे कूड़ा
सफाई कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष बाबू भारती ने बताया कि शहर के सभी सफाईकर्मी नगर निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। करीब 10 सालों से सैकड़ों युवक और महिलाएं सफाई का काम कर रहे थे और उन्हें उम्मीद थी कि नगर निगम उन्हें नियमित करेगा। अब वे भ्रष्ट अधिकारियों पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने सफाई का काम निजी हाथों में दे दिया और उनकी उम्मीदों को तोड़ा। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे कूड़ा उठाने का काम नहीं करेंगे।
ये भी पढ़ें:- खुर्रमनगर फ्लाईओवर के दूसरे लेन पर भी यातायात पूरी तरह शुरू
नगर निगम कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ने के कारण कर्मचारी संगठन एकजुट हो रहे हैं। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारियों पर अधिक काम का बोझ डाला जा रहा है। बढ़ती आबादी और कार्यक्षेत्र के अनुसार सरकार ने वसूली लक्ष्य बढ़ा दिया है और नगर निगम को अतिरिक्त व्यय अपने आय के स्रोत से वहन करने के निर्देश दिए हैं।