
लखनऊ। पिछली सात दिसम्बर से यूपी में 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान चल पड़ा है। सात दिसम्बर से यह अभियान राज्य के 15 जिलों में चल रहा है। एक महीने में इन 15 जिलों में 9,340 लोगों को टीबी संक्रमित पाया गया। सभी का इलाज शुरू हो चुका है। राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र भटनागर ने बताया कि 15 जनपदों के लगभग 35 लाख लोगों की टीबी के संभावित लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग की गई। जांच में 9,340 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई। सबसे ज्यादा 1175 मरीज सीतापुर में और सबसे कम 258 अमेठी में मिले हैं। सिद्धार्थनगर में 900, रामपुर में 858, बाराबंकी में 800, रायबरेली में 711 टीबी मरीज पंजीकृत हुए हैं।

उन्होंने बताया कि 15 जनपदों में 71,000 निक्षय शिविर लगाकर टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग और जागरूकता का काम किया गया जिसमें 3723 निक्षय शिविर 52 निक्षय वाहन द्वारा लगाए गए। औसतन प्रतिदिन 2062 निक्षय शिविर लगाए गए। इसके अलावा 29,290 निक्षय मित्रों द्वारा 50,705 टीबी मरीजों को गोद लिया गया है और 2201 पोषण पोटली वितरित की गई। डॉ. भटनागर ने बताया कि अभियान के दौरान व्यापक जागरूकता भी फैलाई जा रही है और स्वयंसेवी संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का असर प्रदेश से टीबी उन्मूलन करने में दिखेगा।