लखनऊ में मई-जून से शुरू हो जाएगा ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण : राजनाथ सिंह

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ में 1028 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ इन्वेस्ट हब के रूप में लखनऊ को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक अंतर्राष्ट्रीय सर्वेक्षण में लखनऊ को दुनिया के उन शहरों में शामिल किया गया है, जहां तेजी के साथ विकास हो रहा है और भूमि की कीमतें सबसे तेजी से बढ़ रही हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर के तहत ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना का उद्घाटन मई-जून में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास में एक नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 तक देश में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर केवल 1.78 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि 2014 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र में 28.52 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। लखनऊ मेट्रो के विस्तार पर भी जोर दिया गया, जिसमें चारबाग से वसंत कुंज तक की परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में यातायात सुगमता के लिए कई फ्लाईओवर और हाईवे बनाए जा रहे हैं। पॉलीटेक्निक चौराहे से मुंशी पुलिया तक 170 करोड़ रुपये की लागत से बने चार लेन फ्लाईओवर और इंदिरा नगर से खुर्रमनगर तक 270 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, अमर शहीद पथ के पास सर्विस रोड के निर्माण हेतु 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। केद्रीय मंत्री ने कहा कि हवाई सेवाओं को भी विस्तार देने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा और बेहतर हो सके। इसके अलावा, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे लखनऊ से कानपुर की यात्रा मात्र 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : – लखनऊ में सौगातों की बारिश : खुर्रमनगर-कल्याणपुर फ्लाईओवर का उद्घाटन
राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास के बाद उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन में वृद्धि हुई है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। लखनऊ में रियल एस्टेट, होटल इंडस्ट्री और चिकित्सा क्षेत्र में भी नए निवेश देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने नितिन गडकरी से लखनऊ में और अधिक सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए अनुरोध किया, जिन्हें केंद्रीय मंत्री ने स्वीकृति दे दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में लखनऊ भारत के शीर्ष शहरों में शामिल होगा और उत्तर प्रदेश देश की आर्थिक तरक्की में प्रमुख भूमिका निभाएगा।