स्वामी विवेकानन्द ने किया पूरी दुनिया को प्रभावित : अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को स्वामी विवेकानन्द की जयंती युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने पूरी दुनिया को भारत का परिचय जिस रूप में दिया वैसा परिचय और प्रचार उससे पहले किसी नेता या संत ने नहीं दिया था। अमेरिका में पहले ही भाषण में स्वामी विवेकानन्द ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि हम उस देश से आते हैं, जिस देश में सिखाया जाता है कि सहनशीलता क्या है, स्वीकार्यता क्या है, हमारा समाज, हमारा धर्म हमें टॉलरेंस सिखाता है। भारत में कोई भी किसी विचार को लेकर आया है, यहां उसे स्वीकार किया गया, सबको अपने में समाहित किया।

सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द की बातें हम लोगों को प्रेरणा देती हैं। रास्ता दिखाती है। उनकी बातों को समझना आज के नौजवान के लिए जरूरी है। अखिलेश ने कहा कि आज जब सरकारें कुछ चीजों को बार-बार थोप रही है। सत्ता में बैठे लोगों में टॉलरेंस नाम की चीज नहीं है। ये किसी भी चीज को स्वीकार नहीं करते हैं, अपनी कमियां भी नहीं स्वीकारते हैं। ऐसे में स्वामी विवेकानन्द की बातों को जानना और पढ़ना आवश्यक है। स्वामी विवेकानन्द ने धर्म का जो रास्ता दिखाया, दुनिया के सामने धर्म, परम्परा, संस्कृति की जो बात को रखी, उन्हें अपने जीवन में उतारना, उनपर चलना ही स्वामी विवेकानन्द को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने समाजिक कार्यकर्ता दीपक कवीर की टीम द्वारा तैयार नए साल के समाजवादी कैलेण्डर का विमोचन किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानन्द की जयंती यूथ डे की बधाई देते हुए कहा कि अगर स्वामी विवेकानन्द के संदेशो पर चला गया होता तो देश बहुत तरक्की कर जाता। विवेकानन्द जी कहते थे नाकामयाबियों के बावजूद कोशिशें बराबर जारी रहनी चाहिए। कामयाबी का इससे बड़ा मंत्र कोई नहीं है। कार्यक्रम में सपा के राष्टï्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कबीर, पूर्व सासंद अरविन्द सिंह, विधायक आशू मलिक, बीरेन्द्र यादव, रूश्दी मियां, माविया अली, वासुदेव यादव, असलम राईनी समेत अन्य नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।